कलेक्टर श्री अंशुल गुप्ता की अध्यक्षता में आज जिला बाल कल्याण एवं संरक्षण समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में बच्चों के संरक्षण, पुनर्वास, शिक्षा तथा शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से पात्र एवं जरूरतमंद बच्चों को लाभान्वित करने के संबंध में विस्तार से समीक्षा एवं चर्चा की गई। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों एवं समिति सदस्यों को निर्देश दिए कि बाल संरक्षण से जुड़े प्रकरणों में संवेदनशीलता एवं तत्परता के साथ कार्यवाही करते हुए जरूरतमंद बच्चों को शासन की योजनाओं का लाभ दिलाना सुनिश्चित करें।
बैठक में कलेक्टर श्री गुप्ता ने भिक्षावृत्ति से मुक्त कराए गए बच्चों के पुनर्वास पर विशेष जोर देते हुए कहा कि ऐसे बच्चों को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ा जाए। उनके परिवारों की परिस्थितियों का आकलन कर पात्रतानुसार शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित किया जाए, ताकि बच्चे सम्मानजनक एवं सुरक्षित वातावरण में अपना भविष्य संवार सकें। उन्होंने ऐसे बच्चों के समुचित संरक्षण, शिक्षा एवं पुनर्वास के लिए प्रभावी कार्ययोजना बनाकर क्रियान्वयन करने के निर्देश दिए।
खास बातें
- बैठक में कलेक्टर श्री गुप्ता ने भिक्षावृत्ति से मुक्त कराए गए बच्चों के पुनर्वास पर विशेष जोर देते हुए कहा कि ऐसे बच्चों को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ा जाए।
- विदिशा के बच्चों को भोपाल के बाल गृहों में रखने के लिए प्रस्ताव भेजने के निर्देश
- बैठक में समिति सदस्यों द्वारा अवगत कराया गया कि विदिशा जिले के बालक एवं बालिकाओं को वर्तमान में भोपाल के स्थान पर इटारसी स्थित बाल गृहों में भेजा जाता है।
विदिशा के बच्चों को भोपाल के बाल गृहों में रखने के लिए प्रस्ताव भेजने के निर्देश
बैठक में समिति सदस्यों द्वारा अवगत कराया गया कि विदिशा जिले के बालक एवं बालिकाओं को वर्तमान में भोपाल के स्थान पर इटारसी स्थित बाल गृहों में भेजा जाता है। इस कारण बच्चों के परिजनों को उनसे मिलने-जुलने में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। इस विषय को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर श्री गुप्ता ने संचालनालय, महिला एवं बाल विकास विभाग भोपाल को पत्र लिखकर विदिशा जिले के बच्चों को भोपाल स्थित बाल गृहों में रखे जाने का अनुरोध करने के निर्देश दिए। साथ ही जिले में नवीन बाल गृह प्रारंभ किए जाने की संभावनाओं के संबंध में प्रस्ताव तैयार कर संचालनालय को प्रेषित करने के लिए कहा, जिससे बच्चों एवं उनके परिजनों को सुविधा मिल सके।
पात्र बच्चों को मिशन वात्सल्य की स्पॉन्सरशिप योजना से जोड़ें
कलेक्टर श्री गुप्ता ने मिशन वात्सल्य के अंतर्गत संचालित स्पॉन्सरशिप योजना की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि जरूरतमंद एवं पात्र बच्चों को प्राथमिकता के आधार पर योजना से जोड़ा जाए। योजना के माध्यम से बच्चों की शिक्षा, पोषण एवं अन्य आवश्यकताओं की पूर्ति में सहायता उपलब्ध कराने के लिए पात्र हितग्राहियों की पहचान कर प्रकरण तैयार किए जाएं। उन्होंने कहा कि बाल संरक्षण की व्यवस्थाओं का उद्देश्य केवल बच्चों को तत्काल सहायता उपलब्ध कराना ही नहीं, बल्कि उन्हें सुरक्षित वातावरण, बेहतर शिक्षा और उज्ज्वल भविष्य के अवसर प्रदान करना भी है।
संरक्षण की आवश्यकता वाले बच्चों के लिए फिट फैसिलिटी चिन्हित करने के निर्देश
बैठक में आकस्मिक रूप से प्राप्त होने वाले तथा तत्काल संरक्षण एवं देखभाल की आवश्यकता वाले बच्चों के लिए अस्थायी व्यवस्था सुनिश्चित करने पर भी चर्चा की गई। इस संबंध में कलेक्टर ने जैन कॉलेज के छात्रावास को अस्थायी रूप से फिट फैसिलिटी ( Fit Facility) के रूप में चिन्हित किए जाने हेतु आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए, ताकि आवश्यकता पड़ने पर ऐसे बच्चों को सुरक्षित आश्रय एवं आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।
बैठक में समिति सदस्य श्री चंद्रभान सिंह बघेल, श्रीमती लक्ष्मी शर्मा, श्री दीवान सिंह मीणा, जिला कार्यक्रम अधिकारी श्रीमती विनीता कस्वां, अधीक्षक सम्प्रेषण गृह श्रीमती आकांक्षा मरावी, वन स्टॉप सेंटर प्रशासक श्रीमती कृतिका व्यास सहित समिति के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।





