छिंदवाड़ा में शुरू हुए ग्रामीण स्वच्छता मॉडल को राष्ट्रीय स्तर पर दोहरी पहचान मिली है। नई दिल्ली में आयोजित 10वें ISC-FICCI सैनिटेशन अवार्ड्स-2026 में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अग्रिम कुमार को WASH Champion श्रेणी में विशेष जूरी सम्मान दिया गया, जबकि ‘वॉश ऑन व्हील्स प्लस’ पहल को भी श्रेणी-7 के तहत पुरस्कार मिला।
बिना व्यक्तिगत आवेदन के मिला विशेष सम्मान
रिलीज के अनुसार, अग्रिम कुमार ने WASH Champion सम्मान के लिए व्यक्तिगत आवेदन नहीं किया था। मुख्य जूरी के अध्यक्ष प्रो. आर.ए. माशेलकर और कार्यकारी जूरी ने नामांकनों के मूल्यांकन के दौरान छिंदवाड़ा के नवाचारों तथा नेतृत्व को आधार बनाकर सर्वसम्मति से उनके नाम का चयन किया।
सफाई से लेकर पेयजल ढांचे की मरम्मत तक सेवा
कलेक्टर हरेंद्र नारायन और सीईओ जिला पंचायत अग्रिम कुमार के नेतृत्व में जिला पंचायत ने स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) 2.0 और जल जीवन मिशन के समन्वय से ‘वॉश ऑन व्हील्स’ तथा ‘वॉश ऑन व्हील्स प्लस’ शुरू किए। यह डिजिटल सेवा और उद्यम आधारित मॉडल है, जिसमें प्रशिक्षित ‘स्वच्छता साथी’ प्रेशर वाशर मशीनों एवं सुरक्षा उपकरणों के साथ गांवों में सेवाएं देते हैं।
मॉडल के तहत घरेलू और संस्थागत शौचालयों की नियमित सफाई के अलावा स्कूलों के ओवरहेड टैंक साफ किए जाते हैं। पाइपलाइन की मरम्मत और पेयजल व्यवस्थाओं का रखरखाव भी इसकी सेवाओं में शामिल है।
1,300 से अधिक स्कूलों की टंकियां साफ
‘वॉश ऑन व्हील्स प्लस’ के जरिए अब तक 76 हजार से अधिक घरेलू एवं संस्थागत शौचालय साफ किए जा चुके हैं। इसके साथ 1,300 से अधिक स्कूलों के ओवरहेड टैंकों की सफाई पूरी हुई है।
इस पहल से स्वच्छता साथियों के लिए करीब 1.20 करोड़ रुपये का राजस्व सृजित हुआ है। रिलीज के मुताबिक, मॉडल ने ग्रामीण युवाओं और सफाई मित्रों के लिए आजीविका के अवसर भी तैयार किए हैं।
