मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान 2026 के अंतर्गत जिले में प्रत्येक शुक्रवार को जनसंवाद एवं जनसमस्या निवारण शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में शुक्रवार 2 अक्टूबर 2026 को पांढुर्णा एवं सौसर अनुभाग में जनविश्वास सेक्टर निर्धारित किए गए हैं।
कलेक्टर श्री नीरज कुमार वशिष्ठ द्वारा जारी आदेश के अनुसार पांढुर्णा अनुविभाग में लोनादेई जनविश्वास सेक्टर के अंतर्गत ग्राम लोनादेई, लोनादेई रैयत, बामला एवं मोरघाट वनग्राम शामिल हैं। वहीं सौसर अनुभाग में नंदेवानी जनविश्वास सेक्टर के अंतर्गत ग्राम नंदेवानी, मुंगनापार, अम्बाखापा, देवली, जामलापानी, चिखली, खैरापंथावली एवं भुम्मा शामिल किए गए हैं।
अभियान के तहत अधिकारी ग्रामीण क्षेत्रों में पहुंचकर आमजन से सीधे संवाद करेंगे तथा विभिन्न शासकीय योजनाओं, सेवाओं एवं स्थानीय समस्याओं से संबंधित आवेदन और शिकायतें प्राप्त कर उनके नियमानुसार निराकरण की कार्रवाई सुनिश्चित करेंगे। मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान का उद्देश्य प्रशासन को आमजन के बीच पहुंचाकर उनकी समस्याओं का त्वरित निराकरण करना है।
जिला प्रशासन द्वारा ग्रामीणों से अपील की गई है कि वे निर्धारित जनविश्वास सेक्टर में पहुंचकर अपनी समस्याएं एवं आवेदन संबंधित अधिकारियों के समक्ष प्रस्तुत करें तथा शासन की योजनाओं का लाभ प्राप्त करें।