बालाघाट जिले में 17 सितंबर को ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम के साथ सेवा-संकल्प अभियान शुरू होगा। इसके तहत गांवों, नगरीय क्षेत्रों और प्रमुख स्थलों पर कुल 1 लाख 36 हजार दीप जलाने का लक्ष्य तय किया गया है। अभियान 17 अक्टूबर तक चलेगा।
गांवों में 79 हजार, शहरों में 57 हजार दीपों का लक्ष्य
अभियान के पहले दिन ग्रामीण क्षेत्रों में 79 हजार और नगरीय क्षेत्रों में 57 हजार दीप प्रज्ज्वलित करने की योजना है। प्रत्येक वार्ड और गांव के परिवारों को सामूहिक आयोजन से जोड़ने के साथ जिलेवासियों से अपने घर पर भी एक दीप जलाने की अपील की गई है।
खास बातें
- ग्रामीण क्षेत्रों में 79 हजार और नगरीय क्षेत्रों में 57 हजार दीप जलाने का लक्ष्य
- शंकर घाट पर 5 हजार दीपों से वैनगंगा तट को सजाने की तैयारी
- पीजी कॉलेज में रक्तदान शिविर, मोती गार्डन में श्रमदान और स्वास्थ्य परीक्षण
बालाघाट नगरीय क्षेत्र के लिए 22 हजार 600 दीपों का लक्ष्य रखा गया है। इनमें वैनगंगा नदी के शंकर घाट पर 5 हजार और बूढ़ी स्थित प्रधानमंत्री आवास योजना की एएचपी कॉलोनी में 500 दीप जलाए जाने हैं।
मोती गार्डन और अटल उद्यान में 500-500 दीप प्रज्ज्वलित करने की तैयारी है। शहर की सड़कों के डिवाइडर पर 200 तथा नगर के प्रत्येक वार्ड में 500-500 दीप जलाने का कार्यक्रम रखा गया है।
श्रमदान के बाद सफाई मित्रों का स्वास्थ्य परीक्षण
नगर पालिका बालाघाट 17 सितंबर को सुबह 7 बजे मोती गार्डन में सामूहिक श्रमदान कराएगी। इसके बाद नगरीय निकाय के सफाई मित्रों का निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण होगा और पीएम स्वनिधि के हितग्राहियों को राशि वितरित की जाएगी।
पीजी कॉलेज में लगेगा रक्तदान शिविर
पीजी कॉलेज बालाघाट में इसी दिन रक्तदान शिविर भी आयोजित किया जाएगा। इसकी व्यवस्थाएं ब्लड बैंक, रेडक्रॉस और जिला चिकित्सालय के समन्वय से की जा रही हैं।
आम नागरिकों और युवाओं से शिविर में रक्तदान करने का आग्रह किया गया है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भी प्रदेश के नागरिकों से अभियान में सहभागी बनने की अपील की है।
